मध्‍यप्रदेश

किसानों की समृद्धि और कृषि को लाभकारी बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि और कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। बड़वानी में एचडी पद्धति से कपास उत्पादन के माध्यम से किसानों की आय में हुई वृद्धि इसका सकारात्मक उदाहरण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों के सुझावों और समस्याओं को सरकार पूरी संवेदनशीलता से सुनेगी और उनके निराकरण के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने शुक्रवार को बड़वानी जिले के प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत जिले के किसानों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से खेती-किसानी से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं, अनुभवों और सुझावों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने किसानों से फसल उत्पादन, सिंचाई सुविधाओं, कृषि आदानों की उपलब्धता तथा शासन की विभिन्न योजनाओं से मिल रहे लाभ के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। प्रदेश में इस वर्ष किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है और किसानों की समृद्धि के लिए योजनाबद्ध प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के साथ ही उनकी आय बढ़ाना और कृषि को अधिक लाभकारी बनाना है।

एचडी पद्धति से कपास उत्पादन को बढ़ावा

किसानों ने मुख्यमंत्री डॉ यादव को बताया कि जिले में एचडी पद्धति से कपास उत्पादन की शुरुआत की गई है। इस पद्धति में खाद की आवश्यकता अपेक्षाकृत कम होती है और उत्पादन में भी वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे किसानों को अधिक लाभ प्राप्त हो रहा है। किसानों ने बताया कि प्रारंभिक चरण में जिले में लगभग 5 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में एचडी पद्धति से कपास की खेती शुरू की गई है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने किसानों से कृषि में अपनायी जा रही नई तकनीकों और नवाचारों के संबंध में जानकारी ली तथा ऐसी तकनीकों को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया, जिनसे उत्पादन लागत कम हो और किसानों को बेहतर आर्थिक लाभ प्राप्त हो।

किसानों से सीधे संवाद से मजबूत हो रहा विश्वास

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य शासन की योजनाओं और सेवाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से आमजन तक पहुंचाना है। अभियान के माध्यम से सरकार स्वयं जनता के बीच पहुंचकर उनकी बात सुन रही है और समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठा रही है। शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचे, यही जन विश्वास अभियान की मूल भावना है।

बड़वानी में एक तिहाई क्षेत्र में कपास की खेती

संवाद के दौरान बताया गया कि बड़वानी जिले में कृषि क्षेत्र के एक बड़े हिस्से में कपास की खेती की जाती है। जिले के लगभग एक तिहाई हिस्से में कपास का उत्पादन होता है। इसके साथ ही जिले में विभिन्न प्रकार की उद्यानिकी फसलों का उत्पादन बहुतायत में किया जाता है। अधिकारियों ने जिले में कृषि क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।

कामधेनु योजना से पशुपालन को मिला प्रोत्साहन

ग्राम बोरलाई के किसान  हरिराम राठौर ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे दूध का व्यवसाय करते हैं और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना का लाभ मिला है। उन्होंने योजना की सराहना करते हुए बताया कि इससे पशुपालन और दुग्ध व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को किसानों की आय का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए शासन की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

गोशालाओं को सरकार दे रही अनुदान

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार गोशालाओं को भी अनुदान उपलब्ध करा रही है। कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए भी सरकार द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि के लिए कृषि के साथ संबद्ध गतिविधियों को भी मजबूत करना आवश्यक है।

सिंचाई, आधुनिक तकनीक और कृषि अधोसंरचना पर विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में कृषि और किसानों को मजबूत बनाने के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, कृषि अधोसंरचना के विकास, आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देने और किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। किसानों की मेहनत प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करती है। सरकार किसानों के साथ खड़ी है और उनके हित में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने किसानों से शासन की योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने तथा पात्रतानुसार उनका लाभ लेने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के किसान संवाद के दौरान किसानों ने खुलकर अपनी बात रखी और खेती-किसानी से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा सीधे किसानों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं और सुझाव सुनने की पहल का किसानों ने स्वागत किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button