देश

नालंदा में बारिश बनी आफत, मकान का छज्जा गिरने से दो महिलाओं की मौत

 नालंदा

बिहार में मॉनसून के दोबारा सक्रिय होने से कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। नालंदा जिले में बारिश आफत बन कर आई है। मानपुर थाना क्षेत्र के हरगावां गांव में लगातार हो रही बारिश से शुक्रवार देर शाम जर्जर मकान का छज्जा गिर गया। इसके मलबे में दबकर दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे जख्मी हो गए। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीया श्याम सुंदरी देवी और 25 वर्षीया रंजू देवी के रूप में हुई है। जख्मी 10 साल के अंकित कुमार और 12 साल की निकिता कुमारी को इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि रंजू देवी अपने पुराने मकान के पास खड़ी थी। समीप में अन्य महिलाएं और बच्चे भी थे। सभी आपस में बातें कर रहे थे। इसी दौरान महिला के मकान का छज्जा धराशायी हो गया। 

मलबे में दबकर एक महिला की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, दूसरी महिला की मौत पावापुरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान हुई। दो महिलाओं की मौत से गांव में कोहराम मच गया। परिजनों की चीख-पुकार गूंजने लगी। हादसे के बारे में थानाध्यक्ष मुकेश शर्मा ने बताया कि मकान का छज्जा गिरने की सूचना मिली है। इसमें दो लोगों के मौत की बात कही जा रही है।

कैमूर में भी मकान गिरा, 10 बकरियों की जान गई
कैमूर जिले के रामपुर में भी शुक्रवार को बारिश की वजह से एक कच्चा मकान गिर गया। इसके मलबे में दबकर 18 बकरियों की मौत हो गई और अन्य 10 गंभीर रूप से घायल हो गईं। बकरियों के मालिक को करीब एक लाख रुपये का नुकसान हुआ है। 
 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button